हरिद्वार, 26 सितंबर 2026। Harshita.रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्थाओं को लेकर नगर निगम हरिद्वार ने सख्त रुख अपनाया है। नगर आयुक्त के निर्देश पर शनिवार को नगर निगम की टीम ने क्षेत्र के सभी सार्वजनिक शौचालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, रखरखाव, यात्रियों को मिल रही सुविधाओं और निर्धारित व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई।
निरीक्षण उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी के नेतृत्व में किया गया। उनके साथ मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक आकाश कुमार समेत नगर निगम की टीम मौजूद रही।
निरीक्षण के दौरान सीसीआर भवन के पास स्थित एक सार्वजनिक शौचालय में गंभीर अव्यवस्थाएं सामने आईं। टीम को मौके पर यह भी पता चला कि शौचालय संचालक द्वारा मूत्रालय के इस्तेमाल के लिए यात्रियों से शुल्क वसूला जा रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम टीम ने यात्रियों से लिया गया शुल्क वापस करवाया और संबंधित शौचालय को तत्काल तालाबंदी कर सील कर दिया।
इसके अलावा टीम ने रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के अन्य सार्वजनिक शौचालयों का भी निरीक्षण किया। जहां साफ-सफाई और रखरखाव को लेकर संचालकों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक शौचालयों में नियमित सफाई, बेहतर रखरखाव और यात्रियों को निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराना अनिवार्य है।
नगर निगम ने साफ किया कि यात्रियों से नियमों के विपरीत किसी भी तरह की शुल्क वसूली या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

By DTI