हरिद्वार, 30 सितंबर 2026, हर्षिता। जिला सेवायोजन कार्यालय हरिद्वार की ओर से जगजीतपुर स्थित कार्यालय परिसर में बुधवार को लघु रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में सिडकुल हरिद्वार की छह कंपनियों के प्रतिनिधियों ने पहुंचकर युवाओं का साक्षात्कार लिया।
रोजगार की तलाश में करीब 96 युवा रोजगार मेले में शामिल हुए। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता और उपयुक्तता के आधार पर इंटरव्यू लिया। साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद 38 युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि 9 युवाओं का अंतिम रूप से चयन किया गया।
प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश रयाल ने बताया कि सेवायोजन विभाग की ओर से इस तरह के रोजगार मेलों के माध्यम से स्थानीय युवाओं को विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को एक ही स्थान पर कई प्रतिष्ठानों में आवेदन और साक्षात्कार का अवसर मिल रहा है।
रोजगार मेले में युवाओं की भागीदारी को देखते हुए विभाग की ओर से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
