हरिद्वार, 02 अक्टूबर 2026, Harshita। ऋषिकुल आयुर्वेद परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में परिसर के अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों ने दोनों महान विभूतियों को नमन करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ परिसर निदेशक प्रोफेसर डॉ. ओ. पी. सिंह एवं चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर डॉ. अजय गुप्ता द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।


इस अवसर पर प्रोफेसर डॉ. खेमचंद, प्रोफेसर डॉ. रमेश तिवारी सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं कार्मिक मौजूद रहे।
गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी के स्वच्छता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से परिसर में सामूहिक श्रमदान किया गया। सभी ने स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए परिसर को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। इसके बाद चिकित्सालय में भर्ती रोगियों को फल वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान परिसर निदेशक एवं अन्य वक्ताओं ने गांधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री जी के ‘जय जवान-जय किसान’ के आदर्शों पर प्रकाश डाला। छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार साझा किए और दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
ऋषिकुल आयुर्वेद परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम श्रद्धांजलि के साथ-साथ स्वच्छता, सेवा और राष्ट्रहित के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश भी दे गया।

By DTI