हरिद्वार, 3 अक्टूबर 2026। Harshita.भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। अग्निवीर भर्ती रैली 5 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर (BEG & Centre), रुड़की में आयोजित की जाएगी। भर्ती वर्ष 2027 के लिए आयोजित होने वाली इस रैली में उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के साथ-साथ निर्धारित श्रेणियों के अन्य पात्र अभ्यर्थी शामिल होंगे।
CEE पास अभ्यर्थी ही होंगे पात्र.
सेना भर्ती कार्यालय लैंसडौन के अनुसार, रैली में केवल वही अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे, जिन्होंने 1 जून से 12 जून 2026 तक आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (CEE) पास किया है। अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड में दी गई तारीख और समय के अनुसार भर्ती स्थल पर पहुंचना होगा।


रैली में अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी (यूपी एवं यूके), अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं पास) श्रेणियों में भर्ती की जाएगी।
गढ़वाल के इन 7 जिलों के युवा होंगे शामिल
गढ़वाल क्षेत्र के चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जिलों के पात्र अभ्यर्थियों के लिए जिलेवार कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी की जिलेवार रैली
5 अक्टूबर: अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चंपावत और पिथौरागढ़
6 अक्टूबर: बहराइच, बलरामपुर, बरेली, बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, संभल, शाहजहांपुर, श्रावस्ती और सीतापुर
7 अक्टूबर: अमेठी, अंबेडकर नगर, अयोध्या, बस्ती, कौशांबी, कुशीनगर, महराजगंज, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रायबरेली, संत कबीर नगर, सिद्धार्थ नगर और सुल्तानपुर
8 अक्टूबर: बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, गौतम बुद्ध नगर, अमरोहा, रामपुर, सहारनपुर और शामली
9 अक्टूबर: आगरा, एटा, झांसी, कासगंज, जालौन, ललितपुर, अलीगढ़, इटावा, फिरोजाबाद, हाथरस, मैनपुरी और मथुरा
10 अक्टूबर: औरैया, बांदा, बाराबंकी, चित्रकूट, फतेहपुर, हमीरपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, लखनऊ, महोबा, उन्नाव, कानपुर नगर और गोंडा
11 अक्टूबर: चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी, साथ ही बलिया, गोरखपुर और भदोही
12 अक्टूबर: चंदौली, जौनपुर, मऊ, मिर्जापुर, वाराणसी, गाजीपुर, देवरिया, सोनभद्र और आजमगढ़
जीडी, टेक्निकल और ट्रेड्समैन की रैली का कार्यक्रम
गढ़वाल क्षेत्र के सात जिलों के लिए अग्निवीर GD, टेक्निकल और ट्रेड्समैन श्रेणी का कार्यक्रम इस प्रकार है—
13 अक्टूबर: उत्तरकाशी एवं चमोली
14 अक्टूबर: चमोली
15 अक्टूबर: पौड़ी गढ़वाल
16 अक्टूबर: टिहरी गढ़वाल
17 अक्टूबर: पौड़ी गढ़वाल
18 अक्टूबर: रुद्रप्रयाग एवं देहरादून
19 अक्टूबर: देहरादून एवं हरिद्वार
20 अक्टूबर: अग्निवीर टेक्निकल एवं ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं) के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रैली
मूल दस्तावेज साथ लाना जरूरी
सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे रैली अधिसूचना में बताए गए सभी मूल दस्तावेज अपने साथ लेकर आएं। दस्तावेजों में कमी होने पर अभ्यर्थी को भर्ती प्रक्रिया के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
दलालों और बिचौलियों से रहें सावधान
सेना ने अभ्यर्थियों को दलालों, एजेंटों और बिचौलियों से सावधान रहने की अपील की है। भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता आधारित रखने के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं। किसी भी व्यक्ति को पैसे देकर भर्ती प्रक्रिया प्रभावित नहीं की जा सकती।
अभ्यर्थियों से कहा गया है कि भर्ती से जुड़ी जानकारी के लिए केवल सेना की आधिकारिक सूचनाओं और निर्देशों पर भरोसा करें। साथ ही एडमिट कार्ड में दी गई रिपोर्टिंग तारीख और समय का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित दस्तावेजों के साथ समय पर रैली स्थल पहुंचें।

By DTI