हरिद्वार, 08 अक्टूबर। सोशल मीडिया पर कथित तौर पर वाल्मीकि समाज के प्रति अमानजनक टिप्पणी और गाली-गलौज का वीडियो वायरल होने के बाद कोतवाली रानीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया गया।
यह कार्रवाई ऑपरेशन प्रहार के तहत आपराधिक एवं असामाजिक तत्वों पर रखी जा रही निगरानी के बीच की गई।
वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस
पुलिस के मुताबिक 05 अक्टूबर 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में दो युवक अभिनव उर्फ हैरी और मोन्टी भारती कथित रूप से वाल्मीकि समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए दिखाई दिए।
वीडियो वायरल होने के बाद वाल्मीकि समाज के लोगों में आक्रोश की स्थिति बनी। मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली रानीपुर पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लिया और उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान शुरू की।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने पहचान के बाद 08 अक्टूबर को दोनों युवकों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया। साथ ही प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर दोनों के खिलाफ मु0अ0सं0 350/26, धारा 196(1)(बी), 352 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- अभिनव उर्फ हैरी, पुत्र अजय कुमार, निवासी रामपुर मनिहारन, सहारनपुर (उप्र), वर्तमान निवासी विट्टल विहार कॉलोनी, बैरियर नंबर-6, कोतवाली रानीपुर, हरिद्वार। उम्र 21 वर्ष।
- मोन्टी भारती, पुत्र संजय भारती, निवासी पवन पुत्र कॉलोनी, ब्रह्मपुरी, रावली महदूद, कोतवाली रानीपुर, हरिद्वार। उम्र 23 वर्ष।
इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक अशोक सिरसवाल (चौकी प्रभारी गैस प्लांट), कांस्टेबल गंभीर तोमर और होमगार्ड इसम सिंह शामिल रहे।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ या सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों पर निगरानी और नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
