हरिद्वार, 9 अक्टूबर 2026। हर्षिता ।हरिद्वार में शुक्रवार सुबह अचानक बदले मौसम ने कई क्षेत्रों में नुकसान पहुंचाया। आंधी-तूफान और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को क्षति पहुंचने के साथ ही कई स्थानों पर पेड़ गिरने से सड़क मार्ग और भवन भी प्रभावित हुए। हालात को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने और प्रभावित लोगों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
🚨 सड़कें खोलने और क्षतिग्रस्त भवनों का निरीक्षण करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आंधी-तूफान के कारण जिन स्थानों पर पेड़ गिरने से सड़कें अवरुद्ध हुई हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर पेड़ों को हटाकर यातायात सुचारू कराया जाए। साथ ही क्षतिग्रस्त भवनों और प्रभावित स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा एवं बचाव के इंतजाम किए जाएं।
🌾 किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए होगा सर्वे
ओलावृष्टि और तेज हवाओं से फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए संबंधित उप जिलाधिकारियों और कृषि विभाग को सर्वेक्षण के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को नियमानुसार रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है, ताकि पात्र किसानों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार मुआवजा और राहत दिलाने के लिए कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन को लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत
DM मयूर दीक्षित ने स्पष्ट किया कि नुकसान के आकलन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाएं और आमजन की आवाजाही जल्द से जल्द सामान्य बनाएं।
