पौड़ी गढ़वाल/कोटद्वार।Harshita .कोटद्वार में घर से करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने के मामले का पुलिस ने गुरुवार, 8 अक्टूबर को सनसनीखेज खुलासा कर दिया। पुलिस की जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि घर का बेटा ही निकला। वारदात के बाद आरोपी जेवर लेकर राजस्थान फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने जयपुर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया।
5 अक्टूबर को दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस के मुताबिक कोटद्वार कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला ने 5 अक्टूबर को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनके घर से अज्ञात व्यक्ति सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(ए), 317(2) और 331(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज ने खोला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता मंमगाई के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई।
टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही संभावित रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को आरोपी के बारे में अहम सुराग मिले। पता चला कि वारदात के बाद आरोपी चोरी के जेवर लेकर राजस्थान भाग गया है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे जयपुर से गिरफ्तार कर लिया।
घर के ही सदस्य पर निकला शक, बरामद हुए पूरे जेवर
पुलिस की जांच में सामने आया कि चोरी की इस वारदात के पीछे घर का ही बेटा था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत के चोरी किए गए आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई से मामले का खुलासा होने के साथ ही पीड़ित परिवार के चोरी हुए जेवर भी बरामद कर लिए गए हैं

By DTI