हरिद्वार | 09 अक्टूबर 2026, हर्षिता। हरिद्वार जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत मंगलौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम उदलहेड़ी में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने चोरी किए गए जेवरात की शत-प्रतिशत बरामदगी कर ली है। आरोपी ने चोरी के सोने के आभूषण बेचने के बजाय दिल्ली की एक गोल्ड लोन कंपनी में गिरवी रखकर ₹2,51,200 का ऋण लिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दिल्ली के भजनपुरा स्थित कैपरी गोल्ड लोन शाखा से शेष जेवरात बरामद किए हैं।
दिल्ली तक पहुंची मंगलौर पुलिस, गोल्ड लोन कंपनी से बरामद हुए जेवर
पुलिस के अनुसार, कोतवाली मंगलौर में दर्ज मुकदमा संख्या 411/2026 के संबंध में आरोपी राहुल को 3 अक्टूबर 2026 को हिरासत में लिया गया था। उस दौरान उसके कब्जे से चोरी का कुछ सामान बरामद हुआ था।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि चोरी के शेष सोने के जेवरात दिल्ली के भजनपुरा स्थित कैपरी गोल्ड लोन शाखा में गिरवी रखे गए हैं। जांच में सामने आया कि 7 अगस्त 2026 को इन जेवरातों के बदले ₹2,51,200 का गोल्ड लोन लिया गया था।
इसके बाद मंगलौर पुलिस ने आरोपी की अभिरक्षा का रिमांड प्राप्त किया और उसकी निशानदेही पर दिल्ली पहुंचकर संबंधित शाखा से नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शेष जेवरात बरामद कर लिए। इस कार्रवाई के साथ ही चोरी के माल की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित हो गई।
ये जेवर हुए बरामद
पुलिस ने चोरी के मामले में निम्नलिखित आभूषण बरामद किए हैं:
पीली धातु की 2 अंगूठियां
पीली धातु के 2 जोड़ी कानों के कुंडल
पीली धातु की 1 नथ
पीली धातु का 1 मांग टीका
पीली धातु की 1 चेन
SSP नवनीत सिंह के नेतृत्व में ऑपरेशन प्रहार जारी
अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। मंगलौर पुलिस की इस सफलता से चोरी के मामले में पूरा माल बरामद हो गया। शत-प्रतिशत बरामदगी पर वादी ने हरिद्वार पुलिस का आभार जताया।
पुलिस टीम
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सूरत शर्मा, कांस्टेबल तेजपाल, कांस्टेबल किशन देव राणा और होमगार्ड सचिन कुमार शामिल रहे।
हरिद्वार पुलिस का संदेश: ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।
