हरिद्वार, 15 अक्टूबर। हर्षिता ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जनपद की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने अपर रोड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था, शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
बच्चों से पूछे गणित के सवाल, सही जवाब मिलने पर बढ़ाया उत्साह
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कक्षाओं में पहुंचे और छात्र-छात्राओं से बातचीत कर पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्न पूछे। उन्होंने बच्चों की गणित विषय की समझ को भी परखा। विद्यार्थियों ने सवालों के सही जवाब दिए और गणित के प्रश्न हल किए, जिस पर जिलाधिकारी ने उनकी सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया।

डीएम ने शिक्षिकाओं को निर्देश दिए कि बच्चों को पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान भी दिया जाए, ताकि वे किताबी पढ़ाई को दैनिक जीवन में उपयोग करना सीख सकें। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियां भी जरूरी हैं।
पुराने भवन की जगह नए विद्यालय भवन का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
विद्यालय भवन की स्थिति का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने पुराने भवन के स्थान पर नए विद्यालय भवन के निर्माण के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालय में खेल मैदान की आवश्यकता पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों को खेलकूद के लिए पर्याप्त स्थान मिलने से उनके शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, टीम भावना तथा आत्मविश्वास को बढ़ावा मिलता है।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रशासन की प्राथमिकता
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि जनपद में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं के विकास और शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सपना रानी, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, विद्यालय की शिक्षिकाएं तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

By DTI