रास्ते रोककर जबरन भीख मांगने और श्रद्धालुओं को परेशान करने के आरोप में भिक्षुक अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज, भीड़ में चोरी से बचने के लिए पुलिस ने यात्रियों को किया जागरूक
हरिद्वार, 15 अक्टूबर। हर्षिता हरिद्वार के हरकी पैड़ी क्षेत्र में श्रद्धालुओं को परेशान करने वालों के खिलाफ कोतवाली नगर पुलिस ने कार्रवाई की है। घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों पर यात्रियों से जबरन भीख मांगकर उन्हें परेशान करने के आरोप में पुलिस ने 31 भिक्षुकों को गिरफ्तार किया है। सभी के विरुद्ध भिक्षुक अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज कर नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
एसएसपी के निर्देश पर चलाया अभियान
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर शहर कोतवाल कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 15 अक्टूबर को हरकी पैड़ी क्षेत्र में कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, गंगा स्नान के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं के रास्ते रोककर जबरन भीख मांगने और उन्हें परेशान करने की शिकायतों के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने पकड़े गए सभी 31 लोगों के खिलाफ भिक्षुक अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किए। सभी आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।
श्रद्धालुओं को भीड़ में सतर्क रहने की अपील
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने श्रद्धालुओं को भीड़भाड़ वाले इलाकों में चोरों से सावधान रहने के लिए जागरूक भी किया। पुलिस ने यात्रियों से अपील की कि वे अपने मोबाइल फोन, जेवरात, पर्स और अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें, ताकि यात्रा के दौरान किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
- प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा
- उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल
- उपनिरीक्षक राधाकृष्ण रतूड़ी
- कांस्टेबल रमेश
- कांस्टेबल मान सिंह
- कांस्टेबल भूपेन्द्र गिरी
- कांस्टेबल अमित कुमार
- कांस्टेबल रितेश कुमार
- कांस्टेबल नितिन रावत
पुलिस की अपील: हरिद्वार आने वाले श्रद्धालु भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्क रहें और अपने सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
