हरिद्वार, 27 अक्टूबर 2026। हर्षिता। दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने हरिद्वार में विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर कुल आठ खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन महिमानंद जोशी के नेतृत्व में विभागीय टीमों ने कार्रवाई की।
मिठाई और पनीर निर्माण इकाइयों का निरीक्षण
सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन की उपस्थिति में सुभाषगढ़ और दीनारपुर स्थित पनीर एवं मिठाई निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान बिक्री के लिए खुले में रखी मिठाइयों के तीन और खुले पनीर का एक नमूना लिया गया।
मिठाई निर्माण इकाई में स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी प्रावधानों का संतोषजनक अनुपालन पाया गया। हालांकि, संचालक को खिड़कियों पर नेट स्क्रीन लगाने, निर्माण स्थल की रंगाई-पुताई कराने, कंटेनरों की सफाई करने और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
