हरिद्वार, 27 अक्टूबर, हर्षिता। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर हरिद्वार में स्वच्छता अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को अभियान के सातवें दिन कुंभ मेलाधिकारी सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में गंगा घाटों, मंदिर परिसरों और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों से कुल 9,206 किलोग्राम यानी 9.206 टन कूड़ा एकत्रित किया गया।
प्रेम नगर आश्रम घाट पर सबसे बड़ा अभियान
प्रेम नगर आश्रम घाट पर सुबह 8 बजे शुरू हुए स्वच्छता अभियान में डीएवी स्कूल, जगजीतपुर के 150 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनके साथ आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, नगर निगम हरिद्वार और प्रेम नगर आश्रम के कार्यकर्ताओं ने भी सफाई अभियान में योगदान दिया।
महात्मा सौम्यानंद जी महाराज के नेतृत्व में आश्रम के 40 कार्यकर्ताओं ने घाट एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई की। इस दौरान प्रेम नगर आश्रम घाट से 8,000 किलोग्राम कूड़ा एकत्रित किया गया। अभियान में शामिल प्रतिभागियों ने लोगों को गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक भी किया।
