हरिद्वार, 30 अक्टूबर, harshita। कुंभ मेला-2027 को भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए मेला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन और बेहतर आधारभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका लगातार निर्माण कार्यों और प्रस्तावित व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रही हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को मेलाधिकारी सोनिका ने बैरागी कैंप, नया टापू, सती द्वीप, दक्ष द्वीप और कनखल क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर स्थलों के विकास, घाटों के निर्माण एवं मरम्मत, पुलों और संपर्क मार्गों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए।
शिविर स्थलों पर मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश
मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप, सेक्टर-12 स्थित नया टापू, सती द्वीप और दक्ष द्वीप का निरीक्षण कर कुंभ शिविरों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने भूमि की सफाई, समतलीकरण, ड्रेसिंग, अस्थायी संपर्क मार्गों, बिजली और पेयजल आपूर्ति सहित सेक्टर प्लान के अनुरूप विकसित की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक सेक्टर में श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए। सेक्टर-12 के नया टापू तक पहुंचने वाले संपर्क मार्ग को बेहतर बनाने और वहां सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक इंतजाम करने पर भी जोर दिया।
दो प्रमुख पुलों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप क्षेत्र में स्कैप चैनल पर निर्माणाधीन 260 मीटर लंबे घाट का निरीक्षण किया। इसके बाद कनखल क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक घाटों की स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित विभागों को घाटों की आवश्यक मरम्मत कराने, स्नानार्थियों की सुरक्षा के लिए रेलिंग और चेन लगाने तथा घाटों के नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्कैप चैनल की बंदी अवधि का बेहतर उपयोग करते हुए घाटों की सफाई और मरम्मत के कार्य पूरे किए जाएं। कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित स्नान की सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
दक्ष मंदिर से श्मशान घाट तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने कनखल स्थित दक्ष मंदिर, शीतला माता मंदिर और दरिद्रभंजन मंदिर क्षेत्र का भी भ्रमण किया। साथ ही कनखल श्मशान घाट में कुंभ मेला मद से कराए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति देखी।
उन्होंने श्मशान घाट की अवस्थापना सुविधाओं को मजबूत करने के साथ प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, शौचालय निर्माण और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मेलाधिकारी ने स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर कुंभ की तैयारियों और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर उनके सुझाव एवं फीडबैक भी प्राप्त किए।
गुणवत्ता और समयसीमा से समझौता नहीं होगा
मेलाधिकारी सोनिका ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ से संबंधित सभी निर्माण एवं व्यवस्थागत कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। प्रत्येक कार्य में गुणवत्ता, समयबद्धता और जनउपयोगिता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि कुंभ-2027 के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल, पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता राजेश गुप्ता सहित ग्रामीण निर्माण विभाग, लोक निर्माण विभाग, पीआईयू, यूपीसीएल एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
