मंगलौर।harshita . हरिद्वार पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹80 लाख से अधिक की साइबर धोखाधड़ी के मामले का खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में कोतवाली मंगलौर पुलिस ने साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े 23 वर्षीय आरोपी आकाश कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में आरोपी के नाम से संचालित छह बैंक खातों के जरिए 80 लाख रुपये से अधिक की साइबर धोखाधड़ी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, प्रतिबिम्ब पोर्टल पर हॉटस्पॉट मूल अकाउंट की जांच के दौरान बैंक खाता संख्या 57410110000747 संदिग्ध पाया गया। इस खाते के खिलाफ विभिन्न राज्यों में 20 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज मिलीं। इसके बाद कोतवाली मंगलौर में मुकदमा संख्या 391/2026, धारा 318(4) बीएनएस एवं 66D आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान बैंक खाताधारक की पहचान आकाश कुमार पुत्र वीरेन्द्र, निवासी गोपालपुर, उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपने नाम से छह बैंक खाते संचालित कर रहा था। इन खातों से गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब सहित आठ राज्यों में साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतें सामने आईं।

लॉटरी का लालच देकर करता था ठगी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोगों को फोन और अन्य माध्यमों से संपर्क कर लॉटरी लगने तथा इनाम मिलने का झांसा देता था। लालच में आए लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाकर उनसे रकम ऐंठी जाती थी। ठगी से प्राप्त धनराशि को आरोपी एटीएम के माध्यम से निकालकर अन्य लाभार्थी खातों में ट्रांसफर कर देता था।
छह पासबुक, छह एटीएम और दो मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छह बैंक पासबुक, छह एटीएम कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और बैंक खातों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों और उनके नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

By DTI