उत्तरकाशी (उत्तराखंड): हर्षिता।उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास बृहस्पतिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धारा कुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई से होते हुए नदी में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। चारों के शव नदी किनारे से बरामद कर लिए गए हैं, जबकि वाहन में सवार अन्य लोगों के भी नदी में लापता होने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और SDRF की टीमें
जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार को पुलिस को डेल्टा के माध्यम से सूचना मिली कि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के समीप एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं।
मौके पर पहुंची राहत एवं बचाव टीमों ने नदी किनारे और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीमों को नदी किनारे चार लोगों के शव मिले, जिन्हें बाहर निकालने की कार्रवाई की गई।
कितने लोग थे कार में सवार? अभी स्पष्ट नहीं
हादसे के समय इनोवा कार में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। अन्य लोगों के भी नदी में बहने की आशंका को देखते हुए पुलिस और SDRF की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है। फिलहाल राहत एवं बचाव अभियान जारी है और सभी की नजरें लापता लोगों की तलाश पर टिकी हैं।
