हरिद्वार। हर्षिता। नशा मुक्त देवभूमि-2026 अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिरान कलियर क्षेत्र से एक चरस तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 222 ग्राम अवैध चरस, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही रेनॉल्ट काइगर कार और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार और नशा मुक्त देवभूमि-2026 अभियान के तहत जिलेभर में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 9 नवंबर 2026 को कोतवाली पिरान कलियर पुलिस टीम बेड़पुर चौक के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध रेनॉल्ट काइगर कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार सवार मोनू अली (26 वर्ष), पुत्र बारू, निवासी खेड़ी शिकोहपुर, थाना भगवानपुर के कब्जे से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई।
गांवों से चरस जुटाकर कलियर में करता था सप्लाई
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ड्राइविंग का काम करता है और अपने गांव व आसपास के गांवों में नशा करने वाले लोगों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चरस इकट्ठा करता था। इसके बाद उसे कलियर क्षेत्र में अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाता था। आरोपी ने व्यक्तिगत खर्चों की पूर्ति और ज्यादा पैसा कमाने के लालच में इस अवैध कारोबार में शामिल होने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली पिरान कलियर में मुकदमा अपराध संख्या 307/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, इसरार अली, माजिद खान, अमित कुमार और कांस्टेबल आविद अली शामिल रहे।
