रावली महदूद में नियमों को ताक पर रखकर हो रहा था निर्माण, नोटिस और निर्देशों के बावजूद काम जारी रहने पर की गई कार्रवाई
हरिद्वार, 27 नवंबर 2026। हर्षिता ।हरिद्वार में अवैध निर्माणों के खिलाफ प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए रावली महदूद क्षेत्र में दो स्थानों पर चल रहे अनाधिकृत निर्माण कार्यों को सील कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रावली महदूद के डेन्सो चौक स्थित दीपांशु भोजनालय के बगल वाली गली में डॉ. सतबीर तथा 45 मीटर रोड पर मेहरबान मलिक हार्डवेयर के बगल वाली गली में दुर्गा स्कूल के पास श्री राजेश कुमार द्वारा कथित रूप से अवैध निर्माण कार्य कराया जा रहा था।
प्राधिकरण की ओर से इन अनाधिकृत निर्माणों के विरुद्ध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत वाद योजित किए गए थे। इसके बावजूद बार-बार निर्देश दिए जाने के बाद भी निर्माण कार्य बंद नहीं किया गया।
इस पर प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों निर्माण स्थलों को सील करने की कार्रवाई की। साथ ही मौके पर मौजूद संबंधित निर्माणकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि प्राधिकरण से स्वीकृति प्राप्त किए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए।
प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, नियमों का उल्लंघन कर किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई के संकेत मिल रहे हैं।

By DTI