ऋषिकेश, 17 अगस्त,मनीष वर्मा। मंगलवार दोपहर ऋषिकेश केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट की आशीर्वाद यात्रा में नगर निगम प्रशासन इस तरह में डूब गया कि यात्रा को सफल बनाने के लिए सरकारी कर्मचारी भी नारे लगाते हुए दिखाई दिए।
केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट की आशीर्वाद यात्रा की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। आला नेताओं का भव्य स्वागत के लिए तमाम कार्यकर्ताओं ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया। उन्हें खुश करने के लिए भाजपा नेताओं में रेस लगी हुई थी। वहीं नगर निगम प्रशासन भी आशीर्वाद यात्रा की तैयारियों और देखरेख में मशगूल दिखाई दिया। आशीर्वाद यात्रा के दौरान रैली में तैयारियों की देखरेख के साथ ही नगर निगम की सरकारी कर्मचारी भाजपा नेताओं के जिंदाबाद के नारे लगाते हुए भी दिखाई दिए। इतना ही नहीं संविदा पर नियुक्त कर्मियों सहित कई सरकारी कर्मचारी भी फूलमालाओं और पुष्पवर्षा के साथ ही नारे लगाने के लिए जमकर चिल्लाते और हाथ उठाते भी देखे गए हैं।

नगर निगम के सरकारी कर्मचारी सफाई हवलदार नरेश खैरवाल तो खुले तौर पर भाजपा सरकार जिंदाबाद, अनीता ममगाई जिंदाबाद के नारे लगाते हुए भी दिखाई दिए हैं। इतना ही नहीं वह रैली के दौरान भाजपा नेताओं पर फूलों की बरसात करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में नगर निगम प्रशासन पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। क्या कोई सरकारी कर्मचारी किसी पार्टी विशेष के कार्यक्रम में शिरकत कर सकता है? यदि नहीं कर सकता तो इसके लिए उक्त कर्मचारी पर सख्त कार्यवाही की जानी जरूरी है। जिससे भविष्य में कोई भी सरकारी कर्मचारी ऐसे पार्टी विशेष कार्यक्रम में शिरकत करने से बचें और आमजन में एक सकारात्मक संदेश पहुंचे।

By DTI