भोपाल, एजेंसी। मध्य प्रदेश के भिंड जिले का एक किसान अपनी भैंस को साथ लेकर थाने पहुंच गया और शिकायत की कि उसकी भैंस पिछले कुछ दिनों से दूध नहीं दुहने दे रही है। कृपया दूध दुहने में मेरी मदद करें। पुलिस ने पशु चिकित्सक से बात कर भैंस का दूध दुहने में मदद की। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। इस संबंध में शनिवार को नयागांव गांव में पुलिस से मदद मांगने वाले व्यक्ति का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आया है।

पुलिस उपाधीक्षक अरविंद शाह ने बताया कि बाबूलाल जाटव (45) नामक ग्रामीण ने शनिवार को नयागांव पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराई, जिसमें कहा गया था कि उसकी भैंस पिछले कुछ दिनों से दूध नहीं दुहने दे रही है। शिकायत के करीब चार घंटे बाद किसान अपनी भैंस को लेकर थाने पहुंचा और पुलिस से भैंस का दूध दुहने में मदद मांगी। इसके बाद थाना प्रभारी ने इस संबंध में पशु चिकित्सा से बात कर किसान को कुछ टिप्स बता दिए। इसके बाद जब ग्रामीण ने जब दूध दुहा तो भैंस ने दूध दुहने दिया। इसके बाद ग्रामीण सुबह फिर पुलिस को धन्यवाद देने के लिए थाने पहुंचा और कहा कि रविवार की सुबह भैंस ने दूध दुहने दिया है।

By DTI