भारत ने पाकिस्तान को सुपर-12 राउंड के अपने पहले मैच में चार विकेट से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 159 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने 20वें ओवर में आखिरी गेंद पर छह विकेट गंवाकर मैच जीत लिया। इस अहम मुकाबले में विराट कोहली ने गजब की पारी खेली और 53 गेंदों में नाबाद 82 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और चार छक्के लगाए। मैच के बाद वह भावुक हो गए थे। वहीं, हार्दिक भी भावुक हो गए और रोने लगे। जीत के बाद कप्तान रोहित ने विराट कोहली को कंधे पर उठा लिया।
मुकाबले के बाद जब वह पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में बात करने आए तो कहा- यह असाधारण माहौल है। हार्दिक ने मुझसे कहा था कि खुद पर विश्वास रखिए। शाहीन ने जब पवेलियन एंड से गेंद की तो मैंने हार्दिक से कहा कि इस ओवर में रन बनाने हैं। मोहम्मद नवाज के एक ओवर बाकी थे तो हमें विश्वास था कि हम जीत लेंगे।
कोहली ने कहा- हारिस रउफ की गेंद पर लॉन्ग ऑन पर छक्का अविश्वसनीय था। दूसरा छक्का स्पेशल था। मैं इससे पहले हमेशा कहता था कि मोहाली में मैंने टी20 में सबसे बेहतरीन पारी खेली थी। ये पारी भी उसी के समान है, लेकिन अब मैं इस पारी को आगे रखूंगा। आपने (दर्शक) ने पिछले कुछ महीनों में मेरा लगातार समर्थन किया। इसके लिए आप सभी का शुक्रिया।
आखिरी ओवर में भारत को 16 रन चाहिए थे
19.1 ओवर: मोहम्मद नवाज ने पहली गेंद पर हार्दिक पांड्या को आउट कर दिया
19.2 ओवर: दिनेश कार्तिक क्रीज पर आए, लॉन्ग ऑन पर एक रन लिया
19.3 ओवर: विराट कोहली ने लॉन्ग ऑन पर शॉट लगाकर दो रन लिए
19.4 ओवर: नो बॉल, विराट ने डीप-स्क्वायर लेग पर छक्का लगाया। नवाज की गेंद कमर की ऊंचाई से ऊपर थी। अंपायर ने पहले नो-बॉल नहीं दिया था। कोहली ने नो-बॉल का इशारा किया। अंपायर ने चेक करने के बाद नो-बॉल दिया। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम इस पर नाराज हो गए। वह अंपायर से बहस करने लगे, लेकिन फैसला नहीं बदला।
19.4 ओवर: नवाज की यह गेंद फ्री-हिट थी। उन्होंने कोहली से बचने के लिए वाइड फेंक दी। फ्री-हिट बरकरार रही।
19.4 ओवर: नवाज की गेंद को कोहली स्लॉग करना चाहते थे, लेकिन चूक गए। गेंद स्टंप से जाकर लगी और फिर थर्ड मैन की ओर चली। कोहली और कार्तिक ने दौड़कर तीन रन ले लिए। पाकिस्तान के खिलाफ अंपायर से बहस करने लगे। उन्हें इस बात की आपत्ति थी कि बोल्ड होने के बावजूद कोहली ने कैसे रन ले लिए, लेकिन पाकिस्तानी खिलाड़ी यह भूल गए यह फ्री-हिट थी।
19.5 ओवर: भारत को जीत के लिए दो गेंद पर दो रन बनाने थे। नवाज की गेंद को कार्तिक स्विप करना चाह रहे थे, लेकिन वह चूक गए। गेंद उनके हाथ से लगकर वही रुक गई। कार्तिक क्रीज से बाहर थे। विकेटकीपर रिजवान ने गेंद उठाकर स्टंप में मार दी। कार्तिक आउट हो गए।
19.6 ओवर: भारत को आखिरी गेंद पर जीत के लिए दो रन बनाने थे। अश्विन क्रीज पर आए। नवाज ने वाइड फेंक दी। स्कोर बराबर हो गया।
19.6 ओवर: जीत के लिए एक गेंद पर एक रन बनाने थे। अश्विन ने मिड-ऑफ की ओर फील्डर के ऊपर से शॉट खेला और टीम इंडिया को जीत दिला दी।


वहीं, पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने भी विराट की तारीफ की। उन्होंने कहा- 10 ओवर के बाद तक हमारे पास मौका था, लेकिन विराट कोहली ने ऐसा नहीं होने दिया। कोहली के अलावा हार्दिक ने 40 रन की पारी खेली। इन दोनों के बीच 113 रन की साझेदारी हुई जो पांचवें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।
वहीं, हार्दिक ने कहा- ये विराट की अब तक की सबसे बेहतर पारी थी। आज उन्होंने किरदार दिखाया क्योंकि आज संघर्ष था। विराट के दो छक्के मेरी जिंदगी में देखे दो सबसे बेहतर छक्के थे। हम यही देख रहे थे कि साझेदारी आगे तक ले जानी है। नवाज के ओवर में मैंने कहा कि अब मैं जोखिम उठाता हूँ। बहुत भावुक क्षण है। मैच शुरू होने से पहले मैंने राहुल सर से कहा कि 10 महीने पहले मैं कहाँ था और आज यहां हूँ। आज का दिन मेरे पापा के लिए है। वो होते तो बहुत पसंद करते। (बोलते-बोलते रोने लगे हार्दिक)। पिता नहीं होते तो मैं यहां तक नहीं आ पाता।
कप्तान रोहित ने मैच के बाद कहा- मेरे पास भी शब्द नहीं हैं। हम यही सोच रहे थे कि हमें गेम में बने रहना है। विराट और हार्दिक के बीच की साझेदारी ने खेल बदल दिया। हमने पिच और स्थितियों का फायदा उठाया। हम जानते थे कि लक्ष्य का पीछा आसान नहीं है। मेरा मानना है ऐसे मौके पर शांत बने रहना महत्वपूर्ण था और इन दोनों खिलाड़ियों ने ऐसा किया। हम ऐसी स्थिति में थे कि जीत मुश्किल थी लेकिन विराट ने कर दिखाया।

By DTI