हरिद्वार, 2 जून। हर्षिता ।चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने जाम की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस, पीडब्ल्यूडी, परिवहन विभाग और एनएचएआई की संयुक्त टीम ने जिले के प्रमुख चौराहों और यातायात प्रभावित क्षेत्रों का विस्तृत सर्वेक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान यातायात दबाव, सड़क संरचना, पार्किंग व्यवस्था, अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, लेफ्ट टर्न बाधाएं, सिग्नल टाइमिंग और सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का गहन अध्ययन किया गया। सर्वेक्षण में पाया गया कि सुबह 9 से 11 बजे और शाम 5 से 8 बजे के बीच वाहनों का दबाव सबसे अधिक रहता है।
संयुक्त टीम ने ऐसे प्रमुख स्थानों को चिन्हित किया है जहां लेफ्ट टर्न को फ्री करने, सड़क चौड़ीकरण, ड्रॉप लेन निर्माण, डिवाइडर सुधार और यातायात संकेतकों के उन्नयन से करीब 30 प्रतिशत तक जाम की समस्या कम की जा सकती है।
हरिद्वार पुलिस ने कहा कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सुधारात्मक कार्यों की कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिससे चारधाम यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और लेन अनुशासन बनाए रखने की अपील भी की है।
स्लग:
चारधाम यात्रा के लिए हरिद्वार पुलिस का ट्रैफिक प्लान, जाम कम करने को संयुक्त सर्वेक्षण

By DTI