हरिद्वार, 22 अगस्त 2026, हर्षिता। । आगामी रक्षा बंधन और जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य संरक्षण एवं औषधि प्रशासन विभाग ने हरिद्वार में खाद्य प्रतिष्ठानों, डेयरियों और मिष्ठान विक्रेताओं के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया।
अभिहित अधिकारी/सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, मिलावट और स्वच्छता व्यवस्था की जांच की। अभियान के दौरान खुले मावा और खुले मिठाई घेवर समेत विधिक नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
अखबार से मिठाई ढकने पर नोटिस
निरीक्षण के दौरान एक मिष्ठान विक्रेता के निर्माण एवं संग्रह स्थल पर मिठाइयों को अखबार से ढककर रखने पर नोटिस जारी किया गया। वहीं दूसरे विक्रेता द्वारा खाद्य पंजीकरण का समय पर नवीनीकरण नहीं कराने पर भी कार्रवाई की गई। कई प्रतिष्ठान संचालकों द्वारा दुकानें बंद कर दिए जाने के कारण वहां जांच नहीं हो सकी।
पनीर के नमूने भी जांच के लिए भेजे
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र टम्टा ने कनखल स्थित एक डेयरी से मिलावट के संदेह में पनीर के दो नमूने लिए। इनमें एक खुला पनीर और दूसरा हरियाणा के निर्माता द्वारा निर्मित पंचगांव ब्रांड का पैकेट पनीर शामिल है।
बिना पंजीकरण चल रहे रेस्टोरेंट और निर्माण इकाई पर चालान
जगजीतपुर स्थित एक रेस्टोरेंट में ग्राहक की शिकायत के बाद जांच की गई। बिना खाद्य पंजीकरण और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य कारोबार संचालित पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की गई। इसके अलावा भूपतवाला बाग स्थित एक निर्माण इकाई पर बिना खाद्य पंजीकरण खाद्य सामग्री बनाने के मामले में चालान किया गया।
दोनों प्रतिष्ठानों को खाद्य पंजीकरण प्राप्त होने तक खाद्य कारोबार बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि रक्षा बंधन और जन्माष्टमी तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की कार्रवाई से मिलावटखोरों और नियमों की अनदेखी करने वाले खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

By DTI