हरिद्वार,हर्षिता उत्तराखंड में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने भी तैयारी शुरू कर दी है। गुरुवार को कांग्रेस आलाकमान ने उत्तराखंड के लिए नए सह प्रभारी की नियुक्ति कर दी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इसके आदेश जारी किए हैं।

उन्होंने दीपिका पांडेय सिंह को प्रदेश में नया सह प्रभारी बनाया है। वे राजेश धर्माणी का स्थान लेंगी। बता दें कि पार्टी ने तकरीबन छह महीने पहले ही उत्तराखंड प्रभारी के रूप में देवेंद्र यादव को नियुक्त किया था। उत्तराखंड के साथ छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और बिहार में भी नए सह प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।

कांग्रेस में शामिल हुई 35 महिलाएं 
हरिद्वार के कृष्णानगर स्थित मेयर कैंप कार्यालय पर 35 महिलाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ली। मेयर ने महिलाओं को फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। मेयर अनीता शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार से महिलाएं नाराज हैं।

कमरतोड़ महंगाई ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। कोरोनाकाल में गरीबों की हालत बेहद खराब है। सरकार ने ओर से किसी तरह की राहत नहीं दी है। मेयर प्रतिनिधि नीतू बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस में ही महिलाओं का सम्मान है।

ललिता तनेजा ने कहा कि मेयर अनीता शर्मा के कार्यों से प्रभावित होकर संगठन में शामिल हो रही हैं। विरवती, लीला देवी, सतलेश, सितमवती, मुन्नी देवी, शिवानी, भगवान दई, फुलवती, रिंकी, सोनी, प्रभावती, सविता, मुनेश, रानी, रुक्मणि, सरसों, तारों, नीलम, सुदेश, रघविरी, द्रोपती, रेशमा, कुंता, अमरो, शिमला, सुशीला, ममता, आरती, राधा, वंदना आदि ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। 

By DTI