हरिद्वार | 27 जनवरी 2026, हर्षिता। समान नागरिक संहिता (UCC) कानून के सफलतापूर्वक एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद हरिद्वार के ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक मदन कौशिक एवं विशिष्ट अतिथि मेयर किरण जैसल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
हरिद्वार प्रदेश में अव्वल
इस अवसर पर बताया गया कि यूसीसी पोर्टल पर सर्वाधिक विवाह पंजीकरण कराने में जनपद हरिद्वार ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जो जनपद के लिए गौरव की बात है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मदन कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जिसने मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में समान नागरिक संहिता कानून लागू कर एक वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण किया है। यह कानून सभी नागरिकों के लिए एक समान और सम्मानजनक अधिकार सुनिश्चित करता है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में जनता से किया गया वादा 27 जनवरी 2025 को यूसीसी लागू कर पूरा किया गया, जो ऐतिहासिक निर्णय है।
विधायक मदन कौशिक ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में हरिद्वार जनपद में यूसीसी को सफल बनाने में लगे सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्राम प्रधानों की प्रशंसा करते हुए बधाई दी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश स्तर पर सम्मानित होने वाले 5 अधिकारियों में 2 अधिकारी हरिद्वार जनपद से हैं।
मेयर किरण जैसल ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा लागू किया गया यूसीसी कानून सभी धर्मों और वर्गों के लिए समान है, इसमें किसी प्रकार का भेदभाव नहीं है। उन्होंने प्रदेश की प्रगति और खुशहाली के लिए सभी को मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि यूसीसी लागू होने की वर्षगांठ पर आयोजित यह कार्यक्रम जन सहभागिता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि जनपद हरिद्वार ने राज्य में सबसे अधिक विवाह पंजीकरण कराकर उदाहरण प्रस्तुत किया है। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जिन लोगों ने अब तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे यूसीसी पोर्टल या नजदीकी सीएससी केंद्र के माध्यम से विवाह पंजीकरण अवश्य कराएं।
73 लोगों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में यूसीसी पोर्टल पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 73 अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसमें 16 ग्राम प्रधान, 16 ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, 08 सब रजिस्ट्रार, महिला समूह, अधिकारी तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान निबंध, चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन विनोद मिश्रा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुख्य विकास अधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
