हरिद्वार, हर्षिता। हरिद्वार पुलिस द्वारा नशा तस्करों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में कप्तान नवनीत सिंह के निर्देशन में कोतवाली मंगलौर पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बाइक सवार एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी हसीन उर्फ तोता पुत्र सईद निवासी ग्राम लादपुर कला, थाना लक्सर हरिद्वार को संदिग्ध चेकिंग के दौरान दबोचा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 260 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 78 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी तस्करी के लिए मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर रहा था, जिसे भी कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है, जबकि पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वह स्मैक कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था।
हरिद्वार पुलिस ने साफ किया है कि जनपद में नशा तस्करों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
