ऋषिकेश | 13 जुलाई 2026,हर्षिता।ऋषिकेश में गंगा स्नान के दौरान एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। शिवाजी नगर निवासी 12 वर्षीय चंदन पुत्र दयाराम अपने परिजनों के साथ आस्था पथ स्थित ओम घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचा था। स्नान के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गंगा के तेज बहाव में बह गया। देखते ही देखते मासूम परिजनों की आंखों के सामने लहरों में ओझल हो गया।
घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन “कोई तो बचा लो” की गुहार लगाते रहे, लेकिन तेज बहाव के कारण कोई भी बच्चे तक नहीं पहुंच सका। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
एसडीआरएफ इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में प्रशिक्षित गोताखोरों ने कई स्थानों पर गंगा में तलाश की, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण देर शाम तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भी गहरा दुख व्यक्त किया।
प्रशासन की अपील
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि बरसात के मौसम में गंगा का जलस्तर और बहाव अत्यधिक खतरनाक रहता है। ऐसे में बच्चों को अकेला न छोड़ें और केवल निर्धारित सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें।
SEO Title
ऋषिकेश में गंगा में बहा 12 वर्षीय बालक, गंगा स्नान के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
