देहरादून।harshita डिजिटल मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों के हितों को लेकर उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने आवाज बुलंद की है। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी से मुलाकात कर न्यूज पोर्टल और वेबसाइटों को मिलने वाली विज्ञापन दरों में यथोचित वृद्धि की मांग उठाई।
यूनियन ने कहा कि डिजिटल मीडिया का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन दूसरी ओर सर्वर, तकनीकी रखरखाव, स्टाफ, कैमरा, वीडियो एडिटिंग, वेबसाइट प्रबंधन और कंटेंट निर्माण समेत संचालन लागत भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में वर्तमान विज्ञापन दरें छोटे और मध्यम न्यूज पोर्टलों के लिए व्यावहारिक नहीं रह गई हैं।
1,200 रुपये की दर पर उठे सवाल
यूनियन ने सूचना विभाग की मौजूदा विज्ञापन दरों पर पुनर्विचार की मांग की। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार 728×90, 300×250, 300×600 और 970×250 जैसे विभिन्न बैनर विज्ञापनों के साथ-साथ वीडियो विज्ञापनों की कई श्रेणियों के लिए 1,200 रुपये की दर निर्धारित की गई है।
यूनियन का कहना है कि पहले बैनर और वीडियो विज्ञापनों की दरें करीब 10 हजार रुपये तक थीं, जबकि फोटो विज्ञापन की दर 6 हजार रुपये थी। ऐसे में नई दरों को लेकर डिजिटल मीडिया संस्थानों में असंतोष है।
यूनियन की ओर से सूचना महानिदेशक को सौंपे गए पत्र में सूचीबद्ध न्यूज पोर्टल/वेबसाइटों के बैनर और वीडियो विज्ञापनों की दरों का पुनर्मूल्यांकन करने का अनुरोध किया गया। यूनियन ने कहा कि सूचीबद्ध पोर्टलों को ऐसी सम्मानजनक विज्ञापन राशि मिलनी चाहिए, जिससे वे अपने पत्रकारों और तकनीकी स्टाफ को बेहतर संसाधन उपलब्ध करा सकें।
अरुण शर्मा बोले—डिजिटल मीडिया को मजबूत करना जरूरी
प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा ने कहा कि न्यूज पोर्टल और वेबसाइट आज सरकार और जनता के बीच सूचना के महत्वपूर्ण सेतु बन चुके हैं। सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और जनहित की खबरों को आम लोगों तक पहुंचाने में डिजिटल मीडिया की अहम भूमिका है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया को केवल व्यावसायिक माध्यम के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। आर्थिक रूप से मजबूत डिजिटल संस्थान ही नियमित, जिम्मेदार और गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता को आगे बढ़ा सकते हैं। इसलिए वर्तमान बाजार परिस्थितियों और बढ़ती संचालन लागत को देखते हुए विज्ञापन दरों में उचित संशोधन किया जाना जरूरी है।
सूचना महानिदेशक ने दिया भरोसा
सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पत्रकारों और मीडिया संस्थानों के हितों को लेकर सरकार और सूचना विभाग गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार है और डिजिटल मीडिया आज समाचार एवं जनहितकारी सूचनाओं को जनता तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।
उन्होंने कहा कि न्यूज पोर्टल और वेबसाइटों की विज्ञापन दरों में संशोधन से संबंधित यूनियन की मांग का विभागीय स्तर पर नियमानुसार परीक्षण कराया जाएगा। पत्रकार हितों से जुड़े विषयों पर सरकार का दृष्टिकोण सकारात्मक है और आवश्यकतानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि सूचना विभाग डिजिटल मीडिया संस्थानों की व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए विज्ञापन दरों के पुनर्निर्धारण की दिशा में सकारात्मक कदम उठाएगा। यूनियन ने स्पष्ट किया कि पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार और विभाग के साथ उसका संवाद आगे भी जारी रहेगा।
