हरिद्वार, 29 सितंबर 2026। हर्षिता।खेल महाकुंभ 2026-27 के तहत मंगलवार को रोशनाबाद स्थित योगस्थली खेल परिसर में संसदीय क्षेत्र स्तर की राज्यसभा सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताओं का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिताओं का उद्घाटन राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने किया।
उद्घाटन समारोह की शुरुआत झंडारोहण, दीप प्रज्ज्वलन और गुब्बारे उड़ाकर की गई। इस दौरान राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन हुआ और खिलाड़ियों एवं उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें अनुशासन, मेहनत, लगन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिताओं में हरिद्वार संसदीय क्षेत्र के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। मैदान पर खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबलों को रोमांचक बना दिया।
अंडर-14 बालक वर्ग की 60 मीटर दौड़ में खानपुर के अक्ष खठाना ने पहला, मंगलौर के अर्श ने दूसरा और भगवानपुर के अभी ने तीसरा स्थान हासिल किया। 600 मीटर दौड़ में लक्सर के तन्मय रावत प्रथम, भगवानपुर के साहिल द्वितीय और मंगलौर के अर्श तृतीय रहे। लंबी कूद में खानपुर के जतिन कुमार ने बाजी मारी, जबकि भगवानपुर के अभी दूसरे और मंगलौर के कन्हैया तीसरे स्थान पर रहे। ऊंची कूद में भगवानपुर के राममोहन ने प्रथम, लक्सर के तन्मय रावत ने द्वितीय और खानपुर के गौरव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अंडर-14 बालिका वर्ग में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 60 मीटर दौड़ में खानपुर की रिया प्रथम, लक्सर की विष्ठी द्वितीय और भगवानपुर की अंबिका तृतीय रहीं। 600 मीटर दौड़ में मंगलौर की तनू ने प्रथम, खानपुर की आरूषी सैनी ने द्वितीय और लक्सर की बिष्ठी ने तृतीय स्थान हासिल किया। लंबी कूद में मंगलौर की तनु प्रथम, खानपुर की ओजस्वी भंडारी द्वितीय और भगवानपुर की दीक्षा तृतीय रहीं। ऊंची कूद में खानपुर की आरूषी ने पहला, भगवानपुर की वर्षा ने दूसरा और मंगलौर की वंदना ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
वहीं प्रेस विज्ञप्ति में दी गई जानकारी के अनुसार लोकसभा सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी के अंडर-19 बालक वर्ग फुटबॉल में बी.एफ.एफ.सी. ने प्रथम, बी.एम.एस. ने द्वितीय और वात्सल्य वाटिका ने तृतीय स्थान हासिल किया। अंडर-19 बालक वर्ग वॉलीबॉल में डोईवाला प्रथम, ऋषिकेश द्वितीय और धर्मपुर तृतीय रहे।
कार्यक्रम में जिला क्रीड़ाधिकारी सौरभ सैनी, प्रभारी सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी रविन्द्र भंडारी, क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रारद अधिकारी, खेल प्रशिक्षक, खेल समन्वयक, शिक्षा विभाग के खेल शिक्षक, निर्णायक तथा युवा कल्याण विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
खेल महाकुंभ के इन मुकाबलों में खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना ने आयोजन को खास बना दिया। विजेता खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
