हरिद्वार, 27 अक्टूबर। हर्षिता। गंगोत्री धाम से शुरू हुई श्रीगंगा कलश यात्रा आज पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी स्थित मनसा देवी चरण पादुका मंदिर से नेपाल स्थित पशुपतिनाथ धाम के लिए रवाना हुई।
यात्रा को श्रीमहंत रवींद्र पुरी, जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम, स्वामी कैलाशानंद गिरि, श्रीमहंत राम रतन गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी सहित कई संत-महामंडलेश्वरों ने विधिवत रवाना किया।
यह यात्रा मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, गोरखपुर, भैरवा होते हुए तीन नवंबर को नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचेगी, जहां शिव त्रयोदशी पर भगवान शिव को यह गंगा जल अर्पित किया जाएगा।

श्रद्धालुओं ने मां गंगा से विश्व कल्याण व सुख-समृद्धि की प्रार्थना करते हुए “हर हर गंगे” और “जय मां गंगे” के जयकारे लगाए।
गंगोत्री धाम के रावल शिवप्रकाश महाराज ने बताया कि हर वर्ष कपाट बंद होने के बाद यह पवित्र जल नेपाल पहुंचाया जाता है, जिससे पूरे वर्ष भगवान पशुपतिनाथ का जलाभिषेक किया जाता है।
कार्यक्रम में एस.एम.जे.एन. पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार बत्रा, श्रीमहंत रवि पुरी, श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी श्रीमहंत राजगिरी, अनिल कुमार शर्मा, नमन शर्मा, वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. विशाल गर्ग सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

By DTI