देहरादून: हर्षिता ।सिल्वर सिटी मॉल में दिनदहाड़े विक्रम शर्मा की हत्या मामले में आरोपियों की पहचान हो चुकी है. यह दावा पुलिस ने किया है. जिनकी गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ और दून पुलिस को लगाया गया है, जो अन्य राज्यों में पहुंच कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. साथ ही शुरुआती पुलिस जांच रंजिशन हत्या और प्रॉपर्टी विवाद के बिंदुओं को केंद्र में रखकर की जा रही है. पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि विक्रम शर्मा का शिष्य अखिलेश सिंह ने सुपारी देकर हत्या करवाई है.
13 फरवरी को विक्रम शर्मा को मारी गई थी गोली: गौर हो कि बीती 13 फरवरी को देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल में दिनदहाड़े विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. जहां दो शूटर बाइक से उतरकर पैदल मॉल के अंदर दाखिल हुए. जबकि, एक साथी मॉल से कुछ दूरी पर बाइक लेकर इंतजार कर रहा था. करीब 10:15 बजे दोनों शूटर मॉल के अंदर जिम से बाहर आते ही सीढ़ियों पर विक्रम शर्मा को गोली मारने के बाद पैदल ही भागे और कुछ दूरी पर खड़ी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए.

गोली चलने पर विक्रम को संभलने तक का मौका नहीं मिला. जिससे विक्रम की घटनास्थल पर ही जान चली गई. इस गोलीकांड से देहरादून पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था. इस घटना को लेकर लॉ एंड ऑर्डर को लेकर सवाल उठाए गए. पुलिस की मुस्तैदी पर भी सवाल उठाए गए. जिस पर एसएसपी अजय सिंह का ट्रांसफर कर दिया गया. जबकि, प्रमेंद्र डोबाल को देहरादून एसएसपी की की कमान सौंपी गई.
देहरादून ने जमशेदपुर पुलिस से साधा संपर्क: वहीं, देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने दावा किया है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है. ऐसे में देहरादून पुलिस ने इस मामले में जमशेदपुर एसएसपी पीयूष पांडे से संपर्क कर सहयोग मांगा है. साथ ही दून पुलिस विक्रम शर्मा हत्याकांड के मामले में उसके कुछ नजदीकियों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है.
विक्रम शर्मा के शिष्य अखिलेश सिंह पर हत्या का शक: बताया जा रहा है कि तीनों बदमाश पहले हरिद्वार पहुंचे थे और वहां से देहरादून आए. जहां उन्होंने विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, विक्रम शर्मा के शिष्य अखिलेश सिंह पर हत्या समेत अन्य धाराओं में झारखंड में करीब 50 से ज्यादा मुकदमे में दर्ज है. ऐसे में विक्रम शर्मा और अखिलेश सिंह का झारखंड में वर्चस्व काफी ज्यादा है.
झारखंड में गैंगस्टर था विक्रम, उत्तराखंड में करोड़ों की प्रॉपर्टी: वर्चस्व ज्यादा होने के बाद मृतक विक्रम शर्मा ने झारखंड के साथ उत्तराखंड में भी करोड़ों रुपए की प्रॉपर्टी अर्जित की है. विक्रम शर्मा का काशीपुर में स्टोन क्रशर संचालित करता था तो वहीं देहरादून में भी करोड़ों रुपए की संपत्ति है. उधर, पुलिस की मानें तो शूटरों को झारखंड से पैसा भेजने की भी संकेत मिले हैं. विक्रम झारखंड का बड़ा गैंगस्टर था और इसकी हत्या की साजिश रचने वालों के बीच झारखंड से संपर्क होने के संकेत हैं.
“3 दिन पहले देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल में जो घटना हुई, उसमें एसटीएफ के साथ दून पुलिस लगातार काम कर रही है. पुलिस घटना में शामिल आरोपियों के पास तक पहुंच चुकी है. हम निश्चित तौर कह सकते हैं कि इसका बहुत जल्द ही खुलासा किया जाएगा. घटना को अंजाम देने वाले तीनों बदमाशों की पहचान हो चुकी है. साथ ही अलग-अलग टीमें बनाकर अन्य राज्यों में भेजी घई है. जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी.“- प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी, देहरादून
