हरिद्वार, 27 सितम्बर। हर्षिता।अधिष्ठात्री देवी मां माया देवी मंदिर से आज पारंपरिक छड़ी यात्रा का शुभारंभ विधि-विधान और भव्य धार्मिक माहौल में हुआ। इस पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां भगवती का पूजन कर यज्ञ में आहुति दी। इसके साथ ही उन्होंने छड़ी का पूजन कर उसे अपने कंधे पर उठाकर मंदिर की परिक्रमा की और औपचारिक रूप से यात्रा का श्रीगणेश किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां माया देवी की छत्रछाया में हरिद्वार का आध्यात्मिक महत्व और भी बढ़ जाता है। उन्होंने श्रद्धालुओं के कल्याण, प्रदेश की समृद्धि और जन-जन की मंगलकामनाओं की प्रार्थना भी की।
इस दौरान निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्री महंत रवींद्र पुरी महाराज, महामंत्री हरी गिरी सहित समस्त अखाड़ों के संत-महात्मा मौजूद रहे। संत समाज ने छड़ी यात्रा को धर्म और परंपरा की अखंडता का प्रतीक बताते हुए श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में जुड़ने का आह्वान किया।
मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच यात्रा का माहौल भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय माता दी’ के उद्घोष के साथ शामिल हुए।
छड़ी यात्रा हरिद्वार की प्राचीन धार्मिक परंपरा है, जिसके माध्यम से मां माया देवी का आशीर्वाद समस्त क्षेत्रवासियों तक पहुंचता है। आने वाले दिनों में यह यात्रा विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचेगी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसका हिस्सा बनेंगे।