हरिद्वार, हर्षिता। शहर में स्वच्छता और जनस्वास्थ्य को लेकर नगर निगम हरिद्वार अब सख्त मोड में नजर आ रहा है। ज्वालापुर क्षेत्र में चलाए गए व्यापक सर्वेक्षण अभियान के दौरान 40 से अधिक मीट विक्रेता ऐसे पाए गए, जिनके पास खाद्य सुरक्षा विभाग का वैध लाइसेंस उपलब्ध नहीं था।
नगर निगम द्वारा निर्धारित प्रारूप के तहत बीते माह इन प्रतिष्ठानों का विस्तृत सर्वेक्षण किया गया। यह अभियान मुख्य सफाई निरीक्षक श्री विकास छाछर, श्री विकास चौधरी तथा सफाई निरीक्षक श्री सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
📄 रिपोर्ट सौंपते ही कार्रवाई की मांग
सर्वेक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के तुरंत बाद नगर निगम ने खाद्य सुरक्षा विभाग को औपचारिक पत्र प्रेषित कर सभी चिन्हित मीट विक्रेताओं की सूची उपलब्ध कराई। पत्र में स्पष्ट अनुरोध किया गया है कि बिना वैध लाइसेंस संचालित दुकानों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें बंद कराया जाए।
⚖️ स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा पर ‘जीरो टॉलरेंस’
नगर निगम प्रशासन ने दो टूक कहा है कि शहर में जनस्वास्थ्य, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस तरह के निरीक्षण और अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान नियमों के अनुरूप कार्य करें।
शहर में इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से संचालित दुकानों में हड़कंप मचा हुआ है।

By DTI