हरिद्वार, 16 जुलाई। हर्षिता।उत्तराखंड के लोक पर्व हरेला-2026 के अवसर पर जनपद हरिद्वार में गुरुवार को हर्षोल्लास और उत्साह के साथ व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला कार्यालय परिसर में पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद के सभी सरकारी विभागों, नगर निकायों, विकासखंडों, ग्राम पंचायतों, शिक्षण संस्थानों एवं अन्य कार्यालयों में पौधरोपण किया गया। हरेला पर्व पर 30 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसे पूरा करने के लिए सभी विभागों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छायादार, फलदार तथा औषधीय पौधे लगाए गए।
‘हरित हरिद्वार’ अभियान को मिली नई रफ्तार
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और जीवन के संरक्षण का संदेश देने वाला उत्तराखंड का महत्वपूर्ण लोक पर्व है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही जरूरी है। सभी विभागों को लगाए गए पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इस व्यापक पौधरोपण अभियान से ‘हरित हरिद्वार’ अभियान को नई गति मिलेगी और जनभागीदारी से हरिद्वार को अधिक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने में मदद मिलेगी।
15 हजार लोगों ने पौधों की जिम्मेदारी ली
जिला प्रोबेशन अधिकारी अविनाश भदौरिया ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में सभी विभागों को 30 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य दिया गया था। उन्होंने बताया कि ‘हरित हरिद्वार’ ऐप पर अब तक 15 हजार नागरिक पौधरोपण कर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी ले चुके हैं, जो पर्यावरण संरक्षण में जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं और विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ पर्यावरण मिल सके।

By DTI