लुधियाना। जमीन के लालच में सगे बेटे बुजुर्ग दंपति की जान के दुश्मन बन गए। आरोपितों ने अपने माता-पिता की जमकर पिटाई की। उसके बाद पिता को अगवा करके अपने साथ ले गए। जाते समय वो घर में पड़ी डेढ़ लाख रुपये की नकदी भी अपने साथ ले गए।

थाना मोती नगर पुलिस ने हरिद्वार (उत्तरखंड) के लश्कर के तहत आते थाना पथरी के गांव डेरा कराल निवासी नरिंदर सिंह, अमरजीत सिंह, हरभजन सिंह, कुलजीत सिंह, कर्मजीत सिंह, लवप्रीत सिंह तथा उनके 4 अज्ञात साथियों पर केस दर्ज करके छानबीन शुरू की है। पुलिस को आशंका है कि आरोपित बुजुर्ग को लेकर उत्तराखंड गए होंगे। इस लिए स्थानीय पुलिस उत्तराखंड पुलिस के साथ संपर्क बनाए हुए है। आरोपितों के मोबाइल नंबर फिलहाल बंद आ रहे हैं।

एसएचओ गुरशिंदर कौर ने बताया कि यह केस मोती नगर के विश्वकर्मा कालाेनी की गली नंबर-3 निवासी राजविंदर कौर की शिकायत पर दर्ज किया गया। अपने बयान में उसने बताया कि उसके पति हरभजन सिंह (67) की बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के गांव बलिया नंगली में 14 एकड़ जमीन थी। जिसे उसने अपने तीनों बेटों नरिंदर सिंह, अमरजीत सिंह तथा गुरमीत सिंह के नाम करा दिया। वो दोनों लुधियाना आकर रहने लगे। विश्वकर्मा कालोनी में उनके मकान के अलावा एक 200 गज की प्रापर्टी है। जिसके 12-13 कमरे किराए पर देकर वो दोनों अपना गुजारा करते हैं।

उनके बेटे नरिंदर सिंह तथा अमरजीत सिंह की नजर उस प्रापर्टी पर है। वो दोनों उसे अपने नाम कराने के लिए दवाब बना रहे हैं। जिसके चलते वो दोनों उन्हें तंग परेशान करते रहते हैं। 19 दिसंबर को दोनों ने अपने पिता के साथ मारपीट की। 1 अप्रैल की सुबह 4.45 बजे आरोपितों ने फिर से अपने पिता के साथ मारपीट की और उन्हें अपनी कारों में अगवा करके कहीं ले गए। गुरशिंदर कौर ने कहा कि आरोपितों का सुराग लगाने के लिए विभिन्न एंगल से काम किया जा रहा है। जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

By DTI