हरिद्वार, 20 फरवरी | हर्षिता। ब्रह्मलीन माता लाल देवी के अवतरण दिवस पर हरिद्वार में आध्यात्मिक आस्था का भव्य आयोजन हुआ। भूपतवाला स्थित लाल माता मंदिर में संत समागम के दौरान संत समाज एवं श्रद्धालुओं ने श्रद्धा-सुमन अर्पित कर माता के दिव्य व्यक्तित्व और कृतित्व को नमन किया। कार्यक्रम का संयोजन भक्त दुर्गादास द्वारा किया गया, जिसमें सभी 13 अखाड़ों के संत महापुरुषों की विशेष उपस्थिति रही।
अखंड परमधाम के अध्यक्ष एवं राम मंदिर ट्रस्ट अयोध्या के ट्रस्टी युग पुरुष स्वामी परमानंद गिरी महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन माता लाल देवी श्रद्धा और विश्वास की साकार प्रतिमा थीं। उन्होंने जीवनभर मानव कल्याण और नारी सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके आदर्श आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
निर्मल अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत ज्ञानदेव सिंह महाराज ने कहा कि त्याग और तपस्या से परिपूर्ण माता लाल देवी ने सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान दिया। वहीं महंत देवानंद सरस्वती ने भक्त दुर्गादास की सराहना करते हुए कहा कि वे माता के आदर्शों पर चलते हुए मानव सेवा को आगे बढ़ा रहे हैं, जो अत्यंत प्रेरणादायी है।
भक्त दुर्गादास ने सभी संत महापुरुषों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माता लाल देवी द्वारा स्थापित आध्यात्मिक परंपरा का विस्तार ही उनके जीवन का मूल उद्देश्य है।
इस अवसर पर बाबा हठयोगी, महंत राघवेंद्र दास, स्वामी ज्योर्तिमयानंद, स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी हरिहरानंद, महंत विष्णुदास, महंत जमनादास, महंत विनोद महाराज, महंत श्याम प्रकाश, स्वामी दिनेश दास, रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा, गंगा सभा अध्यक्ष नितिन गौतम, पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी, पार्षद आकाश भाटी सहित बड़ी संख्या में संत-महापुरुषों और श्रद्धालुओं ने ब्रह्मलीन माता लाल देवी को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन और सत्संग से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

By DTI